Ticker

6/recent/ticker-posts

अनहोनी का डर दिखाकर महिला से ठगे सोने के टप्स और अंगूठी, हिप्नोटाइज कर बदमाश भागे

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल के कोतवाली थाना क्षेत्र में ठगी का एक और मामला सामने आया है। अज्ञात ठगों ने एक महिला को अनहोनी और पारिवारिक संकट का डर दिखाकर बातों में उलझाया और उससे सोने के टप्स व अंगूठी उतरवा ली। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ऊषा वर्मा निवाशी सिंहपुर रोड, कोतवाली के गंज क्षेत्र के पास पैदल जा रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके पीछे से आया और बातचीत शुरू कर दी। चलते-चलते उसने महिला को किसी पारिवारिक संकट और अनहोनी की आशंका बताकर डराने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि महिला ने फिलहाल केवल इतना बताया है कि आरोपी ने अपनी बातों में उलझाकर उनसे कानों के सोने के टप्स और हाथ की सोने की अंगूठी उतरवा ली।

आरोपी के कहने पर महिला ने अपने जेवर उतारकर एक सफेद कपड़े में रख दिए और उसे सौंप दिए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब महिला को पूरी घटना का एहसास हुआ, तब तक ठग काफी दूर निकल चुका था। घटना के बाद महिला ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र तिवारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि राह चलते किसी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं और किसी भी परिस्थिति में अपने कीमती जेवर या नकदी किसी अजनबी को न सौंपें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति इस तरह की हरकत करता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Post a Comment

0 Comments