शहडोल। सादिक खान
शहडोल। ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम नगनौड़ी में एक 45 वर्षीय महिला ने नदी के उस पार स्थित बगीचे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद शव को नदी पार कर मुख्य मार्ग तक लाना पुलिस और ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन गया। झापर नदी में बाढ़ के कारण मौके तक वाहन पहुंचाना संभव नहीं था।
पुलिस के अनुसार मृतिका की पहचान राजवती बैगा, पति कामता बैगा, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम नगनौड़ी के रूप में हुई है। महिला ने गांव के पास से बहने वाली झापर नदी के दूसरी ओर स्थित बगीचे में फांसी लगाई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल गांव से करीब एक किलोमीटर दूर नदी के दूसरी ओर था। नदी में पानी का बहाव अधिक होने और बाढ़ की स्थिति के चलते पुलिस वाहन को घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर पहले ही खड़ा करना पड़ा। इसके बाद पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों को पैदल नदी पार कर घटनास्थल तक पहुंचना पड़ा।
शव को वापस गांव की ओर लाने के दौरान भी काफी परेशानी हुई। ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से शव को नदी पार कराया। घटना का वीडियो भी ग्रामीणों ने बनाया है, जिसमें पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी पार कराते हुए देखा जा सकता है।
ग्रामीणों के मुताबिक नदी के दूसरी ओर कई लोगों की खेती की जमीन है, इसलिए सामान्य दिनों में ग्रामीणों का नदी पार आना-जाना लगा रहता है। हालांकि वर्तमान में झापर नदी में बाढ़ होने के कारण नदी पार करना जोखिम भरा बना हुआ है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

0 Comments