Ticker

6/recent/ticker-posts

शहडोल में झपटमारी: टहल रही महिला के गले से मंगलसूत्र छीनकर फरार हुआ बदमाश

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में झपटमारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार देर शाम घर के पास टहल रही एक महिला के गले से अज्ञात बदमाश सोने का मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती पानी टंकी के पास रहने वाली आशा यादव (55) पत्नी अशोक यादव बुधवार शाम अपने घर के पास गली में पैदल टहल रही थीं। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक वहां पहुंचा और अचानक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपटकर मौके से भाग गया। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही आरोपी तेजी से वहां से फरार हो गया।

घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पीड़िता ने उन्हें पूरी घटना बताई। स्थानीय लोगों ने बदमाश का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन वह अंधेरे और गलियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

घटना के बाद पीड़िता ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार छीना गया मंगलसूत्र करीब एक तोला सोने का था, जिसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

मामले में पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ झपटमारी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोतवाली क्षेत्र में झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। लोगों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Post a Comment

0 Comments