Ticker

6/recent/ticker-posts

फूल बरसाए शर्बत पिलाया और फिर गले लगकर दी बधाई, मुस्लिम समाज ने रामनवमी जुलूस का किया आत्मीय स्वागत

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले में आज एक बार फिर गंगा जमुनी तहज़ीब का अनोखा नजारा देखने को मिला। जब आज शुक्रवार को शहर के सोहगपुर स्थित रामजानकी मंदिर से निकले रामनवमी जुलूस का सोहागपुर जामा मस्जिद के सामने भव्य स्वागत किया गया। जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं के ऊपर मुस्लिम भाइयों द्वारा पुष्प वर्षा करने के बाद उन्हें शर्बत पिलाकर गले लगाकर रामनवमी की बधाई प्रेषित की गईं। वास्तव में इस नजारे को देखकर हर किसी को हमारे देश की गंगा जमुनी तहज़ीब की याद आ गईं।

रामनवमी के पावन अवसर पर सोहागपुर स्थित राम जानकी मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। शोभायात्रा जैसे ही मार्गों से गुजरती हुई मस्जिद के सामने पहुंची, वहां एक अलग ही नजारा देखने को मिला।

हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अंजुमन इस्लामिया कमेटी द्वारा शोभायात्रा का भावपूर्ण स्वागत किया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने आगे बढ़कर श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया, गले मिलकर उन्हें रामनवमी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान ठंडा पानी, शरबत का वितरण किया गया और पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा को सम्मानित किया गया।

इस अनूठे दृश्य को देखकर लोग बेहद खुश नजर आए। सोहागपुर ने एक बार फिर हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल पेश की। यहां वर्षों से चली आ रही परंपरा को निभाते हुए दोनों समुदायों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।कार्यक्रम में अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सूफियान खान,सफ़ी उल्लाहन्नान खान,सज्जाद खान,अब्बास खान,सूफियान खान,भोले शंकर अग्रवाल,शहजादा,जुबैर,यासिफ,विक्की ,पिंटू ,नफीस,शादाब जीशान सहित मुस्लिम समाज के दर्जनों युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।सोहागपुर का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक समरसता और भाईचारे की एक प्रेरणादायक मिसाल भी प्रस्तुत कर गया।



Post a Comment

0 Comments