Ticker

6/recent/ticker-posts

2 हजार की रिश्वत में फंसा एएसआई, लोकायुक्त टीम ने थाने से उठाया



 शहडोल।सादिक खान 

शहडोल में रिश्वतखोरी के खिलाफ लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जयसिंहनगर थाने में पदस्थ एएसआई को 2 हजार रुपये की रिश्वत मामले में लोकायुक्त टीम ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता हरी दीन साहू निवासी ग्राम गंधियां, थाना जयसिंहनगर ने 30 मार्च 2026 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उसके भाई श्रवण कुमार साहू की सड़क दुर्घटना में बीते महीने मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जयसिंहनगर चौराहे पर चक्का जाम किया था, जिसके बाद पुलिस ने लगभग 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। इस मामले की जांच एएसआई एहसान खान कर रहे थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार एएसआई ने मामले में राहत देने और जमानत में मदद करने के नाम पर प्रत्येक व्यक्ति से 2500 रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत की सत्यापन कार्रवाई के दौरान यह पाया गया कि आरोपी एएसआई ने शिकायतकर्ता से 2000 रुपये रिश्वत पहले ही ले लिए थे और अन्य लोगों से भी रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता ने रिश्वत लेने की वॉइस रिकॉर्डिंग सहित साक्ष्य लोकायुक्त टीम को उपलब्ध कराए थे।

लोकायुक्त टीम गुरुवार को एएसआई को ट्रैप करने जयसिंहनगर पहुंची थी, लेकिन एएसआई को भनक लग गई और उसने मौके पर पैसे नहीं लिए। हालांकि पूर्व में रिश्वत लेने के साक्ष्यों के आधार पर लोकायुक्त टीम ने एएसआई एहसान खान को थाने से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा सत्यापन के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की विवेचना जारी है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

Post a Comment

0 Comments