Ticker

6/recent/ticker-posts

रेत माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा:अमलाई-जयसिंहनगर में तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त, खनिज अधिनियम के तहत केस दर्ज



शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। अमलाई एवं जयसिंहनगर पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

थाना अमलाई पुलिस ने शारदा ओसीएम बकहो के पास एनएच-43 पर कार्रवाई करते हुए एक बिना रजिस्टर्ड सोनालीका ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। ट्रैक्टर में अवैध रूप से रेत लोड कर बिक्री के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस ने वाहन और रेत जप्त कर आरोपी बिजेंद्र केवट निवासी बकहो के खिलाफ धारा 303(2), 317(5) बीएनएस एवं 4/21 खनिज अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है।

वहीं दूसरी कार्रवाई में अमलाई पुलिस ने कसेड़ नदी देवरी मंदिर घाट से अवैध रेत परिवहन करते एक बिना नंबर ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। मौके से आरोपी दिनेश महरा निवासी कुदरी थाना गोहपारू को गिरफ्तार किया गया, जो बिना वैध दस्तावेज और टीपी के रेत परिवहन करता मिला। जप्त ट्रैक्टर-ट्रॉली की कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ भी धारा 303(2), 317(5) बीएनएस एवं 4/21 खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इधर जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के टेटका में भी पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन कर परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त कर मामला दर्ज किया है। लगातार हो रही कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

Post a Comment

0 Comments