शहडोल।सादिक खान
शहडोल शहर के बलपुरवा बस स्टैंड क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक रिटायर बैंककर्मी का शव उनके ही घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। 81 वर्षीय जगदीश प्रसाद मिश्रा घर में अकेले रहते थे। सुबह खाना बनाने पहुंची महिला ने उन्हें मृत अवस्था में देखा और इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात को देखते हुए पुलिस हत्या समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह रोजाना की तरह खाना बनाने आने वाली महिला जब घर पहुंची तो मुख्य कमरे के भीतर जगदीश प्रसाद मिश्रा का शव पड़ा मिला। बुजुर्ग नग्न अवस्था में थे और उनके शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। यह दृश्य देखकर महिला घबरा गई और तत्काल आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। इसके बाद फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की गई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार जगदीश प्रसाद मिश्रा लंबे समय से अकेले रह रहे थे। ऐसे में उनकी मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय घर के आसपास कौन-कौन मौजूद था।
मामले में सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घर में चोरी या लूटपाट हुई है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


0 Comments