Ticker

6/recent/ticker-posts

नशे में धुत कार चालक का हाईवे पर तांडव, कार-बाइक को रौंदा; पति-पत्नी समेत चार घायल



शहडोल।जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में एक कथित रूप से नशे में धुत कार चालक ने राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर जमकर कहर बरपाया। तेज रफ्तार कार ने पहले एक चार पहिया वाहन को टक्कर मारी और फिर भागने के प्रयास में बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक कार चालक शहडोल से बुढार की ओर जा रहा था। कंचनपुर के पास उसने आगे चल रही एक चार पहिया वाहन को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि उस वाहन में छत्तीसगढ़ के एक तहसीलदार अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई, जिस पर मामले की सूचना डायल-112 को दी गई।

इसी दौरान कार चालक मौके से वाहन लेकर भाग निकला। भागने के दौरान उसने पिपरिया निवासी एक बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक चला रहे व्यक्ति, उसकी पत्नी और उनके साथ सवार दो बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार आरोपी चालक को टोल प्लाजा के पास वाहन सहित पकड़ लिया गया। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। वाहन में वह अकेला सवार था। पुलिस ने चालक दीपक तिवारी निवासी घरौला को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नियमित रूप से सख्त कार्रवाई की जाए तो इस तरह की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments