शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले में रेत का वैध ठेका नहीं होने के बावजूद अवैध उत्खनन और भंडारण का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार शिकायतों के बाद कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जैतपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी और निजी जमीन पर रखी अवैध रेत को जब्त किया। सरकारी भूमि पर रखी गई करीब 30 ट्रॉली रेत को जेसीबी से मिट्टी मिलाकर नष्ट कर दिया गया, जबकि निजी भूमि पर मिले करीब 30 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत के भंडारण को जब्त कर लिया गया।
संयुक्त टीम ने ग्राम खैरहनी स्थित पानी टंकी के पास सड़क किनारे शासकीय भूमि पर अवैध रूप से रखी गई करीब 30 ट्रॉली रेत का भंडारण पाया। मौके पर जेसीबी मशीन से उसमें मिट्टी मिलाकर उसे नष्ट कर दिया गया। वहीं पास की निजी भूमि पर भी बिना अनुमति करीब 30 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत का भंडारण मिला। पूछताछ में संबंधित भूमि पिंकू महाराज निवासी खैरहनी की बताई गई। मौके पर लगभग 25 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत जब्त की गई और भूमि स्वामी के विरुद्ध अवैध भंडारण का प्रकरण तैयार किया जा रहा है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी जैतपुर क्षेत्र में अवैध रेत के खिलाफ कार्रवाई हुई थी। उस दौरान स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया था कि सड़क किनारे बड़े पैमाने पर रेत का भंडारण होने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मिलीभगत के आरोप भी लगाए थे।
इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि जैतपुर के पैरी बहरा क्षेत्र में भी भारी मात्रा में अवैध रेत का भंडारण किया गया है। इसकी शिकायत खनिज विभाग और जैतपुर थाना प्रभारी को भी दी गई है, लेकिन अब तक वहां कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का आरोप है कि यदि उस स्थान पर भी जांच की जाए तो बड़े पैमाने पर अवैध रेत का भंडारण सामने आ सकता है।
यह कार्रवाई सहायक खनि अधिकारी शहडोल के नेतृत्व में जैतपुर थाना के एएसआई तथा राजस्व अमले की मौजूदगी में की गई। प्रशासन ने अवैध रेत के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

0 Comments