शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले के अमलाई थाना क्षेत्र में 13 जुलाई को दुकान संचालक पर गोली चलाने के बाद हुई हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी की फरारी में मदद करने वाले दो सह-आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि वारदात के मुख्य आरोपी की तलाश अभी भी जारी है।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 को आरोपी राजकुमार शर्मा ने एक रामपुर में दुकानदार पर गोली चलाकर गंभीर हमला किया था। उपचार के दौरान घायल की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर मुख्य आरोपी और उसके सहयोगियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात के बाद मुख्य आरोपी को छिपाने और फरार कराने में पवन मिश्रा तथा सतीश सोनी ने सक्रिय भूमिका निभाई। दोनों आरोपियों ने मुख्य आरोपी को सुरक्षित ठिकाना उपलब्ध कराने के साथ पुलिस से बचने में भी मदद की।
इस जानकारी के आधार पर अमलाई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों सह-आरोपियों को हिरासत में लिया। आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में पवन मिश्रा (33 वर्ष) निवासी ग्राम बैरिहा, थाना बुढ़ार तथा सतीश सोनी (35 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक-2, सोनी मोहल्ला, थाना सोहागपुर शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी राजकुमार शर्मा की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और यदि फरारी में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में अमलाई थाना प्रभारी एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा पूरी तरह किया जाएगा।

0 Comments