शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ब्यौहारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रीवा से नशीली टैबलेट की खेप लेकर आ रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 792 नशीली टैबलेट और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक रीवा से मोटरसाइकिल पर नशीली टैबलेट लेकर ब्यौहारी की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जिया उल हक ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। टीम ने मऊ गांव स्थित बोकरा तिराहे पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को रोक लिया।
तलाशी के दौरान युवक के पास रखे झोले से 99 पत्तों में कुल 792 नशीली टैबलेट बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपी की पहचान सुजीत उर्फ गोलू सोनी पिता गोरेलाल, निवासी वार्ड क्रमांक 13, सोनी मोहल्ला, ब्यौहारी के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि कार्रवाई पूरी तरह मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलते ही विशेष टीमों को सक्रिय किया गया और योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि जब्त नशीली दवाओं और मोटरसाइकिल सहित कुल मशरूका की कीमत लगभग एक लाख रुपये है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जिया उल हक के अलावा सहायक उप निरीक्षक गया प्रसाद कनौजिया, प्रधान आरक्षक नरेंद्र उपाध्याय, आरक्षक अमर सिंह, अनुज, पंकज तथा महिला आरक्षक सुरभि और उर्मिला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से रीवा जिले से नशीली टैबलेट और कफ सिरप की खेप शहडोल संभाग समेत आसपास के क्षेत्रों में पहुंचने की सूचनाएं लगातार मिल रही हैं। ऐसे में ब्यौहारी पुलिस की यह कार्रवाई नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।

0 Comments