शहडोल। सादिक खान
शहडोल। लगातार हो रही बारिश से जिले में नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई है। प्रशासन की ओर से लोगों को उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने की सलाह दी गई है। इसके बावजूद शुक्रवार को एक बस चालक यात्रियों से भरी बस को तेज बहाव वाले नाले में उतारकर पार कराने लगा। नाले के बीच पहुंचते ही बस तकनीकी खराबी के चलते बंद हो गई। बस के पानी में फंसते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार बस शहडोल से सिंहपुर होते हुए डिंडोरी की ओर जा रही थी। नाले में पानी का बहाव तेज होने के बावजूद चालक ने बस को आगे बढ़ा दिया। बीच में बस बंद होने के बाद यात्रियों की जान पर बन आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
मुख्यालय सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बारिश के दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नदी-नाले उफान पर होने की स्थिति में उन्हें पार करने की कोशिश न करें। बस चालक की लापरवाही भी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मेडिकल कॉलेज परिसर में महुआ का पेड़ गिरा
लगातार बारिश के कारण शहडोल मेडिकल कॉलेज परिसर में एक भारी-भरकम महुआ का पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ के नीचे खड़ी एक कार दब गई। पेड़ गिरने की घटना से मेडिकल कॉलेज के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा में तैनात गार्ड मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को सूचना दी।
पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पेड़ के नीचे कार दबने से वाहन को नुकसान पहुंचा है, हालांकि घटना में किसी प्रकार की बड़ी जनहानि नहीं हुई। लगातार बारिश के चलते जिले में नदी-नालों के जलस्तर के साथ ही पेड़ गिरने की घटनाओं को लेकर भी लोगों में चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।


0 Comments