Ticker

6/recent/ticker-posts

जुए के अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार पकड़े; 7.43 लाख का माल जब्त


शहडोल। सादिक खान 

 शहडोल। जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर गोहपारू थाना पुलिस ने सुनसान स्थान पर चल रहे जुआ फड़ पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी के साथ छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 7 लाख 43 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।

थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुडवार के डोंगरी टोला स्थित सुनसान स्थान पर कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि चार आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पुलिस ने मौके पर आरोपियों की तलाशी लेने के साथ जुआ फड़ की जांच की। इस दौरान उनके कब्जे से 13 हजार 300 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से छह मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। पुलिस के अनुसार नकदी और वाहनों समेत जब्त किए गए कुल मशरूका की कीमत करीब 7 लाख 43 हजार रुपये से अधिक है।

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान जेसा नायक, सूरज प्रसाद, मोहम्मद मुबारक और महबूब खान के रूप में की है। सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी ने बताया कि कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई है। जुआ फड़ से कुछ लोगों के भागने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस उनकी पहचान और तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments