शहडोल।सादिक खान
शहडोल। जिले के जंगलों में वन्यजीवों की मौजूदगी के बीच गोहपारू क्षेत्र में भालू के हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना खन्नौधी वन परिक्षेत्र के मनटोलिया स्थित घोरसी जंगल की है। बुजुर्ग मवेशी चराने के लिए जंगल गए थे, तभी भालू ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को पहले जयसिंहनगर अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर उन्हें शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मनटोलिया घोरसी निवासी ठाकुरदीन सिंह (62) पिता लाला सिंह मवेशी चराने जंगल गए थे। इसी दौरान भालू ने उन पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह भालू को वहां से भगाया और घटना की सूचना वन विभाग को दी। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल ठाकुरदीन को अस्पताल पहुंचाया।
खन्नौधी रेंजर सुदीप मिश्रा ने बताया कि भालू के हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें पहले जयसिंहनगर अस्पताल भेजा गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वन विभाग की ओर से तत्काल नगद सहायता राशि दी गई है। रेंजर के मुताबिक करीब आठ लाख रुपये की सहायता राशि परिवार को जल्द दी जाएगी। इसके लिए कुछ आवश्यक दस्तावेजों का इंतजार है।
जिले की सीमा बांधवगढ़ और संजय गांधी टाइगर रिजर्व से जुड़ी है। इसके अलावा शहडोल के जंगलों में भी भालू समेत कई वन्यजीव पाए जाते हैं। वन विभाग लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को जंगल में अकेले नहीं जाने और सतर्क रहने की सलाह दे रहा है।
वन विभाग के अनुसार इसी साल केशवाही वन परिक्षेत्र में भी भालू के हमले में दो लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं के बीच विभाग का कहना है कि ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव के लिए जागरूक करने का काम लगातार किया जा रहा है।

0 Comments