Ticker

6/recent/ticker-posts

जलीं गिनी-चुनी मोमबत्तियां, बिल लगा 500 नग का! रैकोवा पंचायत पर सवाल

 

शहडोल। सादिक खान 

शहडोल जिले में पंचायतों की खरीदारी और भुगतान को लेकर सवाल उठने का सिलसिला जारी है। अब जनपद पंचायत बुढ़ार की ग्राम पंचायत रैकोवा में मोमबत्ती खरीदी का मामला चर्चा में है। 17 सितंबर को हुए सेवा संकल्प कार्यक्रम के लिए 500 मोमबत्तियों की खरीदी के नाम पर पांच हजार रुपये का बिल सामने आया है, जबकि कार्यक्रम की तस्वीर में 50 से भी कम मोमबत्तियां नजर आ रही हैं। इससे भुगतान को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

गांव के एक जागरूक युवक ने कार्यक्रम की तस्वीर उपलब्ध कराते हुए दावा किया कि वह 17 सितंबर को मौके पर मौजूद था। उसके अनुसार पंचायत भवन में गिनती की ही मोमबत्तियां जलाई गई थीं। ग्रामीणों का कहना है कि इन मोमबत्तियों की कीमत करीब 400 से 500 रुपये के आसपास ही रही होगी। इसके बावजूद बिल में 500 नग मोमबत्ती, प्रत्येक की कीमत 10 रुपये के हिसाब से कुल पांच हजार रुपये दर्ज किए गए हैं।

बताया गया कि सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत जिलेभर में पंचायत भवनों और अन्य स्थानों पर दीप जलाए गए थे। रैकोवा पंचायत भवन में भी इसी क्रम में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध बिल में मोमबत्ती के साथ माचिस, लट्टू और अन्य सामग्री का उल्लेख है। अब तस्वीर में दिखाई दे रही मोमबत्तियों की संख्या और बिल में दर्ज मात्रा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

सचिव ने कहा….

मामले में ग्राम पंचायत रैकोवा के सचिव छोटेलाल ने कहा कि पांच हजार रुपये की मोमबत्तियां जलाई गई थीं और बिल सही है। वहीं कुछ ग्रामीणों ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि वे कार्यक्रम के दौरान मौजूद थे और दुकानदार से भी बात की थी। उनके अनुसार मोमबत्तियां 500 रुपये से अधिक की नहीं आई थीं। लेकिन बिल में मोमबत्तियां पांच हजार रुपए लिखा है।

ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच होने पर बिल और वास्तविक खर्च की स्थिति स्पष्ट हो सकती है। जनपद पंचायत बुढ़ार के सीईओ राजीव ने कहा कि मामला जानकारी में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी।

Post a Comment

0 Comments