शहडोल।सादिक खान
शहडोल। ब्यौहारी थाना क्षेत्र के चुंगी नाका के पास बुधवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार बोलेरो ने कहर बरपा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शराब के नशे में धुत बोलेरो चालक ने पहले एक बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद बोलेरो आगे बढ़ती रही और सड़क किनारे लगे सब्जी के ठेले को रौंद दिया। गनीमत रही कि ठेला संचालक समय रहते दूर हट गया और अपनी जान बचा ली।
घटना यहीं नहीं रुकी। बेकाबू बोलेरो ने पास में खड़ी एक ऑटो को भी टक्कर मार दी, जिससे ऑटो के पास खड़ी एक महिला को चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए ब्यौहारी–पपौंध मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बोलेरो अत्यधिक तेज गति से चुंगी नाका पार करते हुए पपौंध मार्ग की ओर जा रही थी। वाहन में दो लोग सवार थे।
ठेले से टकराने के बाद स्थानीय लोगों ने बोलेरो को रोक लिया और आक्रोशित भीड़ ने चालक व उसके साथी की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान ठेले और उसमें रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घायल बाइक सवार युवक, ऑटो के पास खड़ी घायल महिला और बोलेरो सवार दोनों व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार बोलोरो से शराब की महंगी बोतलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस का कहना है कि अभी किसी ने इस घटना की शिकायत थाने में दर्ज नहीं कराई है ।अगर शिकायत आती है तो मामला दर्ज कर विवेचना की जाएगी।

0 Comments