शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जैतपुर थाना क्षेत्र के कुंड गांव में करीब एक माह पहले कुएं में मिली एक युवक की लाश को लेकर अब मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस जहां इस घटना को सामान्य मौत मान रही है, वहीं परिजन इसे साजिशन हत्या बताते हुए न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को मृतक के परिजन, गांव के सरपंच सहित दर्जनों ग्रामीण जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
जानकारी के अनुसार कुंड गांव निवासी भगवान दिन सिंह गोड 2 जनवरी को घर से दुकान जाने की बात कहकर निकला था। अगले दिन 3 जनवरी को उसका शव घर से महज 200 मीटर दूर स्थित एक कुएं में उतराता हुआ मिला था। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद इसे सामान्य मौत मानते हुए कार्रवाई की, लेकिन परिजनों ने शुरू से ही इस पर सवाल उठाए।
मृतक की पत्नी भागवती सिंह ने आरोप लगाया कि उनके पति की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से ही उन्होंने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के नाम पुलिस को दिए थे, लेकिन आज तक न तो उन्हें थाने बुलाया गया और न ही उनसे पूछताछ की गई। इसी उपेक्षा से आहत होकर वे गांव के लोगों के साथ धरने पर बैठने को मजबूर हुई हैं।
धरने की सूचना मिलते ही अपर कलेक्टर (एडीएम) सरोधन सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर ज्ञापन लिया। एडीएम ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि परिजनों का कहना है कि जब तक उनके द्वारा बताए गए संदेहियों पर हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे धरने से नहीं उठेंगे।
फिलहाल कलेक्टर कार्यालय परिसर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहा है, वहीं ग्रामीणों की मांग है कि मामले की दोबारा गंभीरता से जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों को कड़ी सजा मिले।

0 Comments