Ticker

6/recent/ticker-posts

रेत माफियाओं पर पुलिस की दोहरी कार्रवाई: ब्यौहारी और जयसिंहनगर में ट्रैक्टर जब्त, दो पर केस दर्ज

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए रेत से भरे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध खनिज अधिनियम सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। बुधवार सुबह पुलिस ने दोनों कार्रवाइयों का खुलासा किया।

पहली कार्रवाई ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम बिजहा के पास की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रैक्टर में अवैध रूप से रेत लोड कर परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध ट्रैक्टर को रोका। चालक से रेत परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर थाने में खड़ा करा दिया। मामले में रविशंकर कोल के विरुद्ध खनिज अधिनियम एवं अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

इसी तरह दूसरी कार्रवाई जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस ने पिपरी नाला क्षेत्र से अवैध रेत उत्खनन कर परिवहन करते एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया। इस मामले में संदीप कुमार गुप्ता के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगातार रेत की चोरी हो रही है। उनका कहना है कि पुलिस समय-समय पर कार्रवाई कर रही है, लेकिन खनिज विभाग की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। ग्रामीणों ने खनिज विभाग पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments