Ticker

6/recent/ticker-posts

जांच करने पहुंचे अफसरों से ही भिड़ गए घरवाले, धक्का-मुक्की कर टीम से विवाद

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। सोहागपुर थाना क्षेत्र के गढ़ी में घरेलू गैस सिलेंडरों की कथित रिफिलिंग की सूचना पर जांच करने पहुंची जिला आपूर्ति विभाग की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक, घर की जांच के दौरान 13 से अधिक सिलेंडर और रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाला नोजल मिला। इसी दौरान घर में मौजूद लोगों ने टीम के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की की और उन्हें घर से बाहर कर दिया।


विभागीय इंस्पेक्टर प्रदीप द्विवेदी के अनुसार, उन्हें गढ़ी निवासी रामजी गुप्ता के घर में गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग किए जाने की जानकारी मिली थी। सूचना के बाद वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घर की जांच शुरू की तो वहां बड़ी संख्या में सिलेंडर और रिफिलिंग करने का उपकरण नजर आया। इसी दौरान रामजी गुप्ता के कई भाई, उनकी पत्नियों समेत अन्य लोगों ने टीम के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।

विवाद बढ़ने पर विभागीय अधिकारियों ने सोहागपुर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद विभागीय टीम ने पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई आगे बढ़ाई। हालांकि, प्रदीप द्विवेदी का कहना है कि जब तक पुलिस के साथ टीम दोबारा उस कमरे के अंदर पहुंची, तब तक वहां रखे सिलेंडर हटा दिए गए थे। उनके अनुसार, विभाग की टीम के बाहर निकलने के दौरान ही सिलेंडर वहां से हटाए गए।

इंस्पेक्टर प्रदीप द्विवेदी ने बताया कि मामले में टीम के साथ हुई बदसलूकी और कार्रवाई में बाधा डालने को लेकर एफआईआर के लिए सोहागपुर थाने में शिकायत दी जाएगी। वहीं सोहागपुर टीआई आरपी रावत ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। अभी विभाग के अधिकारियों की ओर से शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments