शहडोल। सादिक खान
शहडोल। सोहागपुर थाना क्षेत्र में मई माह में युवक से बीच सड़क हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने बुधवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मारपीट की घटना के बाद युवक काफी आहत था। वह घर पहुंचा और फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने मारपीट होते देखी थी।
घटना सोहागपुर थाना क्षेत्र में बस स्टैंड के समीप स्थित एक होटल के सामने मेन रोड पर हुई थी। बताया गया कि अमित सिंह गोंड का मोहल्ले में रहने वाले कुछ युवकों से किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उसके साथ सड़क पर मारपीट की। इसके बाद अमित घर पहुंचा और कुछ समय बाद फांसी लगाकर जान दे दी।
घटना के बाद सोहागपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए। बयानों के आधार पर पुलिस को मारपीट में शामिल तीन युवकों के नाम सामने आए। पुलिस ने जांच के बाद रोहित श्रीवास्तव, शुभम श्रीवास्तव और छोटू उर्फ हेमंत सोनवानी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि तीनों आरोपियों का अमित के साथ विवाद हुआ था और इसी दौरान उसके साथ मारपीट की गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश कर रही थी, लेकिन वे फरार चल रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। बुधवार को पुलिस को सफलता मिली और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

0 Comments