Ticker

6/recent/ticker-posts

दिनदहाड़े सरफा नदी से रेत चोरी: दो थानों की सीमा का फायदा उठा रहे खनन माफिया

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले में अवैध खनन का खेल एक बार फिर बेखौफ नजर आ रहा है। दो थानों की सीमा तय करने वाली सरफा नदी से दिनदहाड़े रेत की चोरी की जा रही है। सोमवार दोपहर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कंचनपुर स्थित सरफा नदी के हाईवे पुल के नीचे से रेत निकालते लोग दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि नदी का एक किनारा सोहागपुर थाना क्षेत्र में आता है, जबकि दूसरा किनारा बुढार थाना सीमा में पड़ता है। इसी भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर स्थानीय खनन माफिया खुलेआम अवैध उत्खनन कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पहले मजदूरों के जरिए नदी से रेत निकालकर किनारे ढेर लगाई जाती है, फिर ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसका परिवहन किया जाता है।

शहडोल-बुढार हाईवे से गुजरने वाले लोग भी इस काले कारोबार को रोज देख रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। दिनभर चल रहे इस अवैध खनन से शासन को राजस्व की हानि हो रही है, वहीं नदी के प्राकृतिक स्वरूप को भी नुकसान पहुंच रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संयुक्त कार्रवाई कर रेत माफिया पर सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि अवैध खनन पर रोक लग सके।

Post a Comment

0 Comments