Ticker

6/recent/ticker-posts

केशवाही में ग्रामीणों को वन विभाग कर रहा जागरूक, जंगलों में अकेले ना जाए

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले के केशवाही वन परिक्षेत्र के जंगलों में जंगली जानवरों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग अलर्ट मोड पर है। बीते माह दो अलग-अलग वन परिक्षेत्रों में भालू के हमलों में तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से दो घटनाएं केशवाही वन परिक्षेत्र में हुई थीं। इन दर्दनाक घटनाओं के बाद विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क करने और सुरक्षा उपायों की जानकारी देने का अभियान तेज कर दिया है।

वन विभाग की टीम इन दिनों गांव-गांव जाकर लोगों को जंगल में प्रवेश के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में समझा रही है। विशेष रूप से महुआ बीनने और तेंदूपत्ता संग्रह करने जाने वाले ग्रामीणों को समूह में जाने, सुबह-शाम अकेले जंगल में न जाने, शोर करते हुए चलने और जंगली जानवर दिखने पर उकसाने से बचने की सलाह दी जा रही है। विभाग द्वारा यह भी बताया जा रहा है कि भालू आमतौर पर अचानक सामने आने पर हमला करता है, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

केशवाही वन परिक्षेत्र के रेंजर अंकुर तिवारी ने बताया कि क्षेत्र के जंगलों में भालुओं की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है। हाल ही में हुए हमलों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता और महुआ सीजन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगलों में जाते हैं, ऐसे में जोखिम और बढ़ जाता है। इसलिए पहले से ही लोगों को बचाव के तरीके समझाए जा रहे हैं।

वन विभाग की टीम ग्रामीण अंचलों में बैठकें कर रही है और लोगों को यह भी बताया जा रहा है कि किसी भी जंगली जानवर की गतिविधि दिखने पर तुरंत वन अमले को सूचना दें। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सावधानी बरतते हुए जंगल में प्रवेश करें, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Post a Comment

0 Comments