Ticker

6/recent/ticker-posts

ड्यूटी पर निकला था जवान… रास्ते में पेड़ बना काल, 29 वर्षीय जेल प्रहरी की दर्दनाक मौत

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले के ब्यौहारी उप जेल में पदस्थ एक जेल प्रहरी की गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब प्रहरी ड्यूटी के लिए घर से निकले थे और रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उनकी जान चली गई।

पुलिस के अनुसार मृतक प्रहरी की पहचान 29 वर्षीय अभिषेक सिंह के रूप में हुई है, जो उप जेल ब्यौहारी में पदस्थ थे। गुरुवार तड़के उनकी सुबह की शिफ्ट थी। वे अपने कमरे से बाइक लेकर ड्यूटी के लिए निकले थे। इसी दौरान ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यायालय के सामने उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा भिड़ी।

हादसे में अभिषेक सिंह के सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने घायल अवस्था में उन्हें देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अभिषेक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवाया।

घटना की जानकारी मिलते ही उप जेल ब्यौहारी के अधिकारी और कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। साथी कर्मचारी अपने सहकर्मी की असमय मौत से स्तब्ध नजर आए। अस्पताल में शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसा सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।युवा प्रहरी की अचानक मौत से विभाग में शोक का माहौल है।




Post a Comment

0 Comments