शहडोल। सादिक खान
शहडोल जिले में एक बार फिर हाथियों की आमद हो गई है। अनूपपुर से आए तीन जंगली हाथी 10 किलोमीटर चलते हुए पश्चिमी कटौतिया के जंगल तक पहुंच गए, जहां उन्होंने फसलों और कुछ मकानों को नुकसान पहुंचाया। हाथियों के मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग अलर्ट मोड पर है और लगातार निगरानी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह तीनों हाथी पिछले कुछ महीनों से अनूपपुर जिले के अलग-अलग जंगल क्षेत्रों में घूमते रहे और अब शहडोल जिले की सीमा में प्रवेश कर गए हैं। पहले हाथी बुढार वन परिक्षेत्र के अरझुली क्षेत्र में देखे गए थे। इसके बाद बीती रात हाथियों ने लगभग 10 किलोमीटर का सफर तय किया और अब वे पश्चिमी कटौतिया के आरएफ 87 और 88 के जंगल क्षेत्र में मौजूद हैं।
वन विभाग के अनुसार, हाथियों ने रात के दौरान खेतों में घुसकर लगभग एक एकड़ फसल को नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा बुढार क्षेत्र के कठई गांव के जमुनिया टोला में गांव के किनारे स्थित पंकू सिंह के घर में भी हाथियों ने तोड़फोड़ की। घर में रखा महुआ और धान हाथियों ने खा लिया, जिससे ग्रामीण को नुकसान हुआ है।
हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग लगातार आसपास के गांवों में मुनादी करवा रहा है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे रात में जंगल या खेत की ओर न जाएं और हाथियों के पास जाने की कोशिश न करें।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हाथी फिलहाल अपने पुराने कॉरिडोर के रास्ते आगे बढ़ रहे हैं और संभावना है कि वे छत्तीसगढ़ की ओर वापस लौट सकते हैं, क्योंकि यह हाथी उसी दिशा से अनूपपुर होते हुए शहडोल पहुंचे थे। फिलहाल वन अमला लगातार हाथियों की निगरानी में जुटा हुआ है।

0 Comments