Ticker

6/recent/ticker-posts

दिनदहाड़े लूट की वारदात का 48 घंटे में खुलासा, नशे और महंगे शौक के लिए रची थी साजिश; तीन आरोपी गिरफ्तार

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। ब्यौहारी थाना पुलिस ने दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का महज 48 घंटे में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन और घड़ी बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने नशे और महंगे शौक पूरे करने के लिए वारदात की साजिश रची थी।

महिला मित्र को छोड़ने जा रहा था युवक

पुलिस के मुताबिक ब्यौहारी थाना क्षेत्र के खरपा गांव का एक युवक अपनी मोटरसाइकिल से बरकछ गांव अपनी महिला मित्र को छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान शहडोल–ब्यौहारी मुख्य मार्ग पर स्थित वन बिहार ढाबे के आगे तीन बदमाशों ने युवक की बाइक रुकवा ली और उसके साथ लूटपाट की। आरोपियों ने युवक और युवती से मोबाइल फोन, घड़ी और नकदी सहित करीब 40 हजार रुपये का मशरूका लूट लिया और मौके से फरार हो गए।

सड़क सुनसान होने का उठाया फायदा

घटना के समय सड़क पर लोगों की आवाजाही कम थी, जिसका फायदा उठाकर बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित युवक सीधे ब्यौहारी थाने पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी जिया उल हक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी। एक विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजा गया, जिसमें उप निरीक्षक वीरेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक नरेंद्र उपाध्याय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने पीड़ित युवक को साथ लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और रीवा की ओर जाने वाले मार्ग में लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।जांच के दौरान पुलिस को एक आरोपी की पहचान मिल गई। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपने दो अन्य साथियों के नाम भी उजागर कर दिए।

तीनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने सागर बारगाही, नवीन बारगाही (दोनों चचेरे भाई) और सूर्यांश बघेल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि वे महंगे शौक और नशे की लत पूरी करने के लिए इस तरह की घटनाएं करते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रह चुके हैं।

लूटा हुआ सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन और एक घड़ी बरामद कर ली है। तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस आगे भी मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments