Ticker

6/recent/ticker-posts

कत्लखाने जा रहे 16 मवेशी पुलिस ने बचाए, ट्रक जब्त; एक गिरफ्तार,दो की तलाश

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। ब्यौहारी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पोड़ी तिराहे के पास नाकेबंदी कर मवेशियों से भरे एक मिनी ट्रक को पकड़ लिया। वाहन में ठूंसकर ले जाए जा रहे 16 मवेशियों को पुलिस ने तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। इस कार्रवाई में चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चालक सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस फरार दो आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने 15 लाख का मशरूका जप्त किया है।

रविवार शाम जारी प्रेस नोट में पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मिनी ट्रक क्रमांक सीजी 04 एनजेड 2392 में मवेशियों को भरकर जयसिंहनगर से यूपी की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर ब्यौहारी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पोड़ी तिराहे के पास नाकेबंदी कर दी।

थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि पुलिस ने बैरिकेड लगाकर वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन लेकर मानपुर रोड की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया और कुछ दूरी पर वाहन को घेरकर रोक लिया।

पुलिस कार्रवाई के दौरान चालक वाहन से कूदकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें क्रूरता से ठूंस-ठूंस कर भरे गए कुल 16 मवेशी पाए गए, जिन्हें बाद में मुक्त कराया गया।

गिरफ्तार आरोपी चालक की पहचान अंकित साकेत के रूप में हुई है, जो सतना जिले का निवासी बताया जा रहा है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अनूपपुर जिले से मवेशियों को लोड कर उत्तर प्रदेश के कत्लखाने ले जा रहा था। हालांकि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने इस मामले में वाहन मालिक बृजेश कुमार दहिया सहित एक अन्य व्यापारी को भी आरोपी बनाया है। दोनों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इस पूरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक गया प्रसाद कनौजिया, प्रधान आरक्षक देवेंद्र कश्यप और राजीव सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने मवेशी तस्करी से जुड़े प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





Post a Comment

0 Comments