शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 13, 14 और 15 मार्च को शासकीय आईटीआई, रीवा रोड में ‘रोटरी राहत नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर’ आयोजित किया जाएगा। शिविर का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल करेंगे। शिविर में देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सक विभिन्न बीमारियों की जांच, परामर्श और जरूरतमंद मरीजों के ऑपरेशन भी नि:शुल्क करेंगे।
यह शिविर राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा के प्रयासों से रोटरी क्लब शहडोल, मण्डला मैकल व जबलपुर, राजकृष्ण तन्खा फाउंडेशन, चिरायु मेडिकल कॉलेज भोपाल तथा लोक स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। रोटरी क्लब अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि शिविर को लेकर कलेक्टर डॉ. केदार सिंह की निगरानी में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
शिविर में मेदांता मेडिसिटी गुरुग्राम, बॉम्बे हॉस्पिटल और लीलावती हॉस्पिटल मुंबई, मणिपाल हॉस्पिटल नोएडा सहित कई बड़े अस्पतालों के विशेषज्ञ डॉक्टर सेवाएं देंगे। मेडिसिन, कैंसर, हड्डी, स्त्री एवं शिशु रोग, हृदय, नेत्र, त्वचा, मानसिक, दंत और ईएनटी सहित कई विभागों के विशेषज्ञ मरीजों की जांच करेंगे। एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईसीजी, ईको, डायबिटीज और फेफड़ों की जांच जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
11 मार्च को लगेगा रक्तदान शिविर
ऑपरेशन के दौरान रक्त की जरूरत को देखते हुए 11 मार्च को जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा, जिससे जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
वालेंटियर बनने का अवसर
आयोजकों ने समाजसेवियों और युवाओं से वालेंटियर के रूप में जुड़ने की अपील की है। व्यवस्था में सहयोग करने वालों को आईडी कार्ड भी जारी किए जाएंगे। आयोजकों ने आम नागरिकों से शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से नि:शुल्क परामर्श और उपचार का लाभ लेने का आग्रह किया है।
सहयोग की अपील: आयोजकों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से नि:शुल्क परामर्श और उपचार का लाभ उठाएं। — राजेश गुप्ता (कार्यक्रम संयोजक), कृष्ण कुमार गुप्ता (अध्यक्ष, रोटरी क्लब शहडोल), विनोद प्रधान (सचिव, रोटरी क्लब शहडोल).

0 Comments