शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को युवक और युवती के शव एक ही पेड़ पर एक ही फंदे से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि युवक और युवती अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले थे। घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। फिलहाल दोनों की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ लोग आम के पेड़ के नीचे से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ पर लटके युवक-युवती के शवों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जयसिंहनगर थाना प्रभारी अजय बैगा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा सकें।
अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले थे दोनों
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक और युवती आसपास के गांवों के रहने वाले थे, लेकिन उनके निवास क्षेत्र अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आते हैं। युवती जयसिंहनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी, जबकि युवक जिले के सीधी थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। दोनों के शव एक ही पेड़ पर एक ही फंदे से लटके मिले। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही युवक-युवती के संबंधों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
जयसिंहनगर थाना प्रभारी अजय बैगा ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस की जांच और अन्य जरूरी कार्रवाई के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।।

0 Comments