Ticker

6/recent/ticker-posts

मेडिकल कॉलेज में चाकू दिखाकर गार्ड को धमकाया, रात में नहीं हुई कार्रवाई; सुबह हिरासत में लिए गए दोनों युवक

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड के पास गुटखा थूकने को लेकर शुरू हुआ विवाद चाकू दिखाकर धमकाने तक पहुंच गया। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी को कथित तौर पर चाकू दिखाकर डराया गया। गार्ड और अन्य सुरक्षाकर्मियों ने दोनों युवकों को पकड़कर गार्ड रूम में बंद कर दिया और डायल 112 को सूचना दी। आरोप है कि रात में पहुंची पुलिस बिना कार्रवाई किए लौट गई। मंगलवार सुबह मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की सूचना पर सोहागपुर पुलिस दोबारा पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लिया।

जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के आईसीयू के पास सुरक्षाकर्मी शारदा प्रसाद रात में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक अपनी दो महिला मित्रों के साथ वहां बैठे दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि युवकों की महिला मित्रों के परिजन अस्पताल में भर्ती थे। गार्ड ने युवकों से वहां बैठने के संबंध में पूछताछ की। इसी दौरान युवकों ने गुटखा थूक दिया। गार्ड ने जब इस पर आपत्ति जताई तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर सुरक्षाकर्मी को धमकाया।

स्थिति बिगड़ने पर शारदा प्रसाद ने अपने अन्य साथी सुरक्षाकर्मियों को बुला लिया। इसके बाद दोनों युवकों को पकड़कर गार्ड रूम में बंद कर दिया गया। घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। सुरक्षाकर्मियों के मुताबिक, रात में पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों युवकों को अपने साथ नहीं ले गई। उन्हें कथित तौर पर बाद में थाने की पुलिस के आने की बात कहकर वहीं छोड़ दिया गया।

 सूचना पर पहुंची पुलिस

मंगलवार सुबह मामले की जानकारी अस्पताल अधीक्षक डॉ नागेंद्र सिंह और डॉ. विक्रांत कबीरपंथी और अन्य अधिकारियों को मिली। इसके बाद अधिकारियों ने सोहागपुर थाना प्रभारी से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर थाना स्टाफ मेडिकल कॉलेज पहुंचा और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।पुलिस के अनुसार, दोनों युवक सोहागपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी सोहागपुर आर पी रावत ने बताया कि सूचना पर स्टाफ भेजा गया है अगर रात्रि में डायल 112 मौके पर पहुंची थी, तो दोनों युवकों को हिरासत में लेना था, अगर उन्होंने हिरासत में नहीं लिया तो यह गलत है हम दिखवाते है, मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

0 Comments