शहडोल।सादिक खान
शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में चरखारी के पास रविवार देर शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को बस ने टक्कर मार दी। हादसे में 10 लोग घायल हो गए, जिनमें 13 साल का एक बालक भी शामिल है। घायलों में छह की हालत नाजुक होने पर उन्हें रीवा मेडिकल कॉलेज और शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से हायर सेंटर भेजा गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीण ट्रैक्टर में मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर साखी की ओर जा रहे थे। उन्हें गांव के पंडाल में प्रतिमा स्थापित करनी थी। चरखारी के पास ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान सीधी से ब्यौहारी आ रही बस ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रॉली में प्रतिमा के साथ बैठे कई ग्रामीण नीचे गिर पड़े और घायल हो गए। ट्रैक्टर में करीब 16 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
10 घायल, छह की हालत गंभीर
ब्यौहारी थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने बताया कि ट्रैक्टर में करीब 16 लोग सवार थे, जिनमें से 10 घायल हुए हैं। घायलों में सबसे छोटा बालक 13 साल का है। कुछ लोगों के हाथ-पैर टूटे हैं, जबकि अन्य को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों की स्थिति को देखते हुए छह लोगों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। इनमें रीवा मेडिकल कॉलेज और शहडोल मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। सभी को एंबुलेंस से भेजा गया है।
एसडीओपी पहुंचे अस्पताल, प्रतिमा सुरक्षित गांव भेजी
हादसे की जानकारी मिलते ही ब्यौहारी एसडीओपी ऋषभ छारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बाद में अस्पताल में उपचार की जानकारी लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। हादसे के दौरान ट्रॉली में मां दुर्गा की प्रतिमा भी रखी थी। पुलिस ने प्रतिमा को सुरक्षित गांव रवाना करवाया, ताकि पंडाल में उसकी स्थापना की जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


0 Comments