शहडोल। सादिक खान
शहडोल। सोहागपुर थाना क्षेत्र में हाईवे पर एक सहायक उप निरीक्षक का मालवाहक वाहन के चालक से कथित तौर पर पैसे लेते हुए वीडियो सामने आया है। गुरुवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। वीडियो में सोहागपुर थाने में पदस्थ ASI जवाहर लाल राय बाइक से हाईवे पर खड़े भूसे की बोरियों से लदे पिकअप वाहन के पास पहुंचकर चालक से बातचीत करते और पैसे लेते दिखाई दे रहे हैं। मामले में थाना प्रभारी ने वीडियो की जांच कर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देने की बात कही है।
वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि सहायक उप निरीक्षक ने पिकअप को रोककर चालक से पैसे की मांग की। चालक ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसी दौरान पुलिसकर्मी मोबाइल की ओर देखते हुए उसे मोबाइल नहीं चमकाने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। इसके बाद चालक को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, ‘साहब, आप कहीं भी रोक लेते हो, कितना देना है।’ वीडियो में इसके बाद चालक से एक नोट लेते हुए पुलिसकर्मी उसे जेब में रखते और वहां से जाते दिखाई दे रहे हैं।
पहले भी मालवाहकों को रोकने के वीडियो सामने आने का दावा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, संबंधित पुलिसकर्मी के हाईवे पर मालवाहक वाहनों को रोकने के वीडियो पहले भी सामने आ चुके हैं। कुछ दिन पहले एनएच-43 पर कई मालवाहक वाहनों को रोककर खड़े होने का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। दावा है कि उस समय वे डायल-112 में ड्यूटी पर थे और उमरिया से शहडोल की ओर आ रहे कुछ पिकअप वाहनों को सड़क पर रोक रहे थे। हालांकि, इन पुराने वीडियो और उनमें लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
थाना प्रभारी बोले
मामले में सोहागपुर थाना प्रभारी आरपी रावत ने बताया कि उन्होंने वायरल वीडियो देखा है। वह संबंधित एएसआई से बात कर पूरे मामले की वास्तविकता जानने का प्रयास करेंगे और वरिष्ठ अधिकारियों को भी इसकी जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि वीडियो में जो दिखाई दे रहा है, वह गलत है और ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

0 Comments