Ticker

6/recent/ticker-posts

स्कूलों से सड़कों तक चला जागरूकता अभियान, 500 से ज्यादा लोगों ने समझे यातायात नियम




शहडोल। सादिक खान 

 शहडोल। जिले में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत अलग-अलग विभागों की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में यातायात पुलिस ने भी लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया। पुलिस टीम ने स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों के साथ शिक्षकों, अभिभावकों और आमजन को यातायात नियमों की जानकारी दी।

यातायात पुलिस ने बच्चों को सड़क पर सुरक्षित तरीके से चलने, सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने और वाहन में सीट बेल्ट के उपयोग की जानकारी दी। इसके साथ ही यातायात संकेतों का पालन करने, निर्धारित गति से वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को समझाया कि यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि सड़क हादसों को रोकने और लोगों की जान सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए हैं। बच्चों से अपील की गई कि वे स्वयं नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

यातायात थाना प्रभारी अमित विश्वकर्मा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में लगातार यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों और आमजन सहित 500 से अधिक लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी और सड़क सुरक्षा की भावना विकसित करना है।





Post a Comment

0 Comments