Ticker

6/recent/ticker-posts

इंटरसेप्टर वाहन से पकड़े तीन ओवरस्पीड वाहन, यातायात पुलिस ने 17 वाहनों से वसूला 18,500 रुपये जुर्माना

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यातायात पुलिस ने ओवरस्पीडिंग के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक शहडोल के निर्देश पर इंटरसेप्टर वाहन की मदद से तेज रफ्तार वाहनों की जांच की गई। इस दौरान निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में चलते पाए गए तीन वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए सात हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

यातायात प्रभारी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी शिकंजा कसा गया। हेलमेट नहीं पहनने वाले छह वाहन चालकों और तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 14 वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 14,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

यातायात पुलिस ने अलग-अलग उल्लंघनों के मामलों में कुल 17 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18,500 रुपये का राजस्व वसूल किया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर अंकुश लगाना तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें और क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी चालानी कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments