Ticker

6/recent/ticker-posts

टोल प्लाजा पर पिस्टल दिखाकर धमकाने वाले युवक पर केस, आर्म्स लाइसेंस निरस्त कराने पुलिस करेगी पत्राचार



शहडोल।सादिक खान 

 शहडोल। एनएच-43 के धुरवार टोल प्लाजा पर टोल शुल्क को लेकर हुए विवाद में पिस्टल दिखाकर कर्मचारियों को धमकाने के मामले में सोहागपुर पुलिस ने दिग्विजय सिंह उर्फ ऋषि के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। फास्टैग में पर्याप्त बैलेंस नहीं होने पर टोल शुल्क मांगने से नाराज होकर गाली-गलौज और पिस्टल दिखाकर धमकाने का आरोप है। घटना का वीडियो भी सामने आया था। अब पुलिस आरोपी का आर्म्स लाइसेंस निरस्त कराने के लिए संबंधित विभाग को पत्राचार करेगी।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे बुढ़ार की ओर से आ रही थार गाड़ी धुरवार टोल प्लाजा पर पहुंची थी। इस दौरान फास्टैग में पर्याप्त रिचार्ज नहीं होने पर टोल कर्मियों ने वाहन चालक से शुल्क जमा करने या फास्टैग रिचार्ज कराने के लिए कहा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चालक ने पिस्टल निकालकर टोल कर्मियों को धमकाया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी।

मामले में टोल कर्मी राजकुमार यादव ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी थी। शिकायत और जांच के आधार पर सोहागपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। इससे पहले घटना का वीडियो सामने आने के बाद हथियार दिखाकर धमकाने के मामले को लेकर कार्रवाई की मांग उठ रही थी।

लाइसेंस निरस्त कराने के लिए होगा पत्राचार

सोहागपुर थाना प्रभारी आरपी रावत ने बताया कि फरियादी राजकुमार यादव की शिकायत पर दिग्विजय सिंह उर्फ ऋषि के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पिस्टल का लाइसेंस सुरक्षा के लिए होता है, न कि लोगों में डर और भय फैलाने के लिए। पुलिस अब संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर हथियार का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की मांग करेगी।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब मामले में लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया पर भी नजर रहेगी।

Post a Comment

0 Comments