Ticker

6/recent/ticker-posts

कुछ घंटों में दो बाइक पार, नाबालिग चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे; झाड़ियों से बरामद हुईं मोटरसाइकिलें



शहडोल। सादिक खान 

 शहडोल। सोहागपुर थाना क्षेत्र में कुछ ही घंटों के अंतराल में एक ही स्थान से दो मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया था, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर कोटमा रोड स्थित टांकी नाला के पास झाड़ियों से चोरी की दोनों मोटरसाइकिल बरामद कर ली गईं।

जानकारी के अनुसार बाणगंगा क्षेत्र के पास से अलग-अलग समय पर दो मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। दोनों घटनाएं एक ही स्थान से होने के कारण पुलिस भी हैरान रह गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

फरियादी रविशंकर जायसवाल (40) निवासी ग्राम पटासी और दिलीप मिश्रा (47) निवासी बाणगंगा पेट्रोल पंप के पीछे, थाना सोहागपुर ने 10 मार्च को अपनी-अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर थाना सोहागपुर में क्रमशः अपराध क्रमांक 97/26 और 98/26 धारा 305 (बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दोनों प्रकरणों की गंभीरता से जांच की गई और अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर लगाए गए। मुखबिर की सूचना पर 10 मार्च को पुलिस ने बाणगंगा कॉलोनी वार्ड नंबर 17 निवासी 14 वर्ष 10 माह के एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने दोनों मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया।मामले का खुलासा बुधवार दोपहर प्रेस नोट जारी कर पुलिस ने किया है।

आरोपी की निशानदेही पर कोटमा रोड स्थित टांकी नाला के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं, जिनकी कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने अपचारी बालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सोहागपुर निरीक्षक अरुण कुमार पाण्डेय, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र पटेल, आरक्षक लवकुश शुक्ला और महिला आरक्षक मेनका धूमकेतु की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments