शहडोल। जिले की जनपद पंचायत सोहागपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत उधिया में मोबाइल टावर स्थापना को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि Bharti Airtel कंपनी द्वारा गांव में मोबाइल टावर लगाया जा रहा है, जबकि इसके लिए ग्राम पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं लिया गया है। इसके बावजूद टावर निर्माण का काम तेजी से जारी है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि टावर लगाने से पहले न तो ग्राम सभा में इसकी जानकारी दी गई और न ही पंचायत स्तर पर कोई प्रस्ताव पारित किया गया। नियमों के अनुसार किसी भी कंपनी को गांव में मोबाइल टावर स्थापित करने से पहले पंचायत से अनुमति लेना आवश्यक होता है, लेकिन यहां नियमों की अनदेखी कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले की जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों को भी दी गई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे लोगों में सवाल उठने लगे हैं कि आखिर बिना NOC के निर्माण कार्य कैसे चल रहा है और जिम्मेदार अधिकारी मौन क्यों हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि टावर निर्माण से जुड़े सभी दस्तावेजों और अनुमति की जांच की जाए। यदि पंचायत की NOC नहीं है तो निर्माण कार्य तत्काल रोका जाए। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत जिला प्रशासन से कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

0 Comments