शहडोल। सादिक खान
शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के गोदावल में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जीजा-साले के बीच चल रहे झगड़े के चलते साले ने घर के बाहर खड़ी बाइक में आग लगा दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोदावल तिराहे के पास रहने वाले मोनू कुमार सोनी के घर के बाहर उनकी बाइक खड़ी थी। बुधवार तड़के जीजा-साले के बीच हुए विवाद के बाद साले ने गुस्से में आकर बाइक में आग लगा दी। आग लगने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
आग लगने की घटना के बाद घर में सो रहे मोनू कुमार सोनी और उनके परिजन जाग गए। उन्होंने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और बाइक बुरी तरह जलने लगी। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय संसाधनों की मदद से आग को बुझाया गया। हालांकि तब तक बाइक को काफी नुकसान हो चुका था। घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले को लेकर पीड़ित मोनू कुमार सोनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि रात के समय डायल 112 में बाइक में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग को बुझाया गया। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपी की तलाश की जा रही है।

0 Comments