शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले के ब्यौहारी क्षेत्र में शहडोल–रीवा मुख्य मार्ग पर वन बिहार ढाबे के पास दुकानों को हटाने की कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम और नगर पालिका अध्यक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मौके पर हुआ यह हाईवोल्टेज विवाद किसी ने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसका वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर कुछ दुकानों को हटाने की कार्रवाई कर रही थी। आरोप है कि टीम जेसीबी मशीन से गड्ढे खुदवाकर अतिक्रमण हटाने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान स्थानीय दुकानदारों ने नगर पालिका अध्यक्ष और भाजपा नेता राजन गुप्ता को फोन कर इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे, जहां वन विभाग के कर्मचारियों के साथ उनकी तीखी बहस हो गई।
नगर पालिका अध्यक्ष राजन गुप्ता का आरोप है कि जिस जमीन पर दुकानें लगी हुई हैं वह नगर पालिका की भूमि है, लेकिन वन विभाग उसे अपनी जमीन बताकर कार्रवाई कर रहा था। उन्होंने कहा कि बिना नगर पालिका की अनुमति के जेसीबी लगाकर खुदाई कराई जा रही थी, जिसे उन्होंने मौके पर रुकवाया।
वहीं दुकानदारों का भी आरोप है कि वन विभाग के कर्मचारी उनसे अवैध वसूली करने पहुंचे थे। दुकानदारों का कहना है कि जब उन्होंने पैसे देने से मना किया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाने लगी। इस मामले में दुकानदार राजकुमार चतुर्वेदी, गोलू पटेल सहित अन्य लोगों ने थाने में लिखित शिकायत दी है।
मामले को लेकर ब्यौहारी थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि फिलहाल वन विभाग या नगर पालिका की ओर से कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि शिकायत मिलती है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इधर वन विभाग के रेंजर संदीप गौतम का कहना है कि मामले से जुड़े दस्तावेज एकत्र किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शाम तक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि संबंधित जमीन किस विभाग के अधिकार क्षेत्र में आती है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।


0 Comments