Ticker

6/recent/ticker-posts

उपाध्यक्ष के स्कॉर्पियो वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार अधेड़ की मौत, पत्नी गंभीर घायल

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले के अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत बटुरा स्थित एनएच-43 पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नगर पालिका परिषद बिजुरी के उपाध्यक्ष के स्कॉर्पियो वाहन ने स्कूटी सवार दंपति को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी चला रहे अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

मिली जानकारी के अनुसार हादसा अनूपपुर-शहडोल राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर बटुरा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो वाहन अनूपपुर की ओर से शहडोल की तरफ आ रहा था। इसी दौरान सामने से स्कूटी पर सवार होकर आ रहे दंपति को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार अधेड़ सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। साथ ही पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुंदरदास महरा (55) के रूप में हुई है। वहीं उनकी पत्नी ऊषा बाई महरा हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने वाहन चालक को पकड़ लिया, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments