शहडोल। सादिक खान
शहडोल के अमलाई थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मामूली विवाद में बेटे ने अपनी ही मां की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह शव को ठिकाने लगाने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से समय रहते आरोपी को पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार घटना अमलाई के ईंटा भट्टा लखन दफाई में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात की है। मृतका की पहचान कुसुम बाई कोरी (56 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसकी हत्या उसके बड़े पुत्र संजय कोरी ने की है। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में केवल मां और बेटा ही मौजूद थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का अपनी मां से किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने मां का गला घोट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी घर से निकलकर एक ढाबे में खाना खाने चला गया और वहां अपने कुछ साथियों से लाश को ठिकाने लगाने की बात भी कही।
इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक ने अपनी मां की हत्या कर दी है और शव को छिपाने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर में महिला का शव बरामद कर लिया। बाद में मुखबिर के बताए स्थान से आरोपी को भी हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी मां छोटी-छोटी बातों पर उसे परेशान करती थी, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस का कहना है कि आरोपी नशे का आदी है और मजदूरी का काम करता है। परिवार का छोटा बेटा दूसरे राज्य में मजदूरी के लिए गया हुआ है, जबकि तीनों बेटियां भी घर पर मौजूद नहीं थीं।
थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

0 Comments