शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में अड़ीबाजी कर पैसे वसूलने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में ग्राम भमरहा द्वितीय निवासी कमलेश प्रसाद द्विवेदी ने सोमावर को थाना ब्यौहारी में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी बालकृष्ण उर्फ बाली शुक्ला ने शराब पीने और पार्टी करने के लिए एक हजार रुपये की मांग की। जब फरियादी ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने जबरन डराकर फरियादी की पैंट की जेब से पांच हजार रुपये भी निकाल लिए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(ए), 119(1) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना ब्यौहारी पुलिस ने आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जियाउल हक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में एक उप निरीक्षक एवं प्रधान आरक्षक हरपाल सिंह और आरक्षक गंगा सागर गुप्ता शामिल रहे।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। साथ ही अड़ीबाजी और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

0 Comments