शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त किया है। इस मामले में पुलिस ने वाहन चालक और मालिक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ब्यौहारी थाना क्षेत्र की झापर नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन किए जाने की सूचना थाना प्रभारी जिया उल हक को मुखबिर के जरिए प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सहायक उप निरीक्षक गया प्रसाद कनौजिया के नेतृत्व में पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया।
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत लोड कर चालक सन्नौसी तिराहे की ओर आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहन को रोककर जांच की और चालक से रेत परिवहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। हालांकि चालक कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
दस्तावेज न होने पर पुलिस ने मौके पर ही ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त कर लिया। पूछताछ में चालक की पहचान शिव दयाल के रूप में हुई, जबकि वाहन मालिक अंकित गुप्ता बताया गया। दोनों के खिलाफ अवैध खनन और परिवहन से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विवेचना में जुटी हुई है।

0 Comments