Ticker

6/recent/ticker-posts

शिकायत करने पहुंचा तो भड़के चौकी प्रभारी ने की पिटाई: आरोप, पीड़ित ने मांगा न्याय



शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र की झींक बिजुरी चौकी में पदस्थ प्रभारी पर एक युवक ने गंभीर मारपीट के आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक झींक बिजुरी चौकी क्षेत्र का निवासी है। युवक का आरोप है कि उसके साथ पहले किसी अन्य स्थान पर मारपीट हुई थी, जिसकी शिकायत लेकर वह चौकी पहुंचा था। आरोप है कि चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रामपाल वर्मा ने उसकी बात सुनने के बजाय उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इतना ही नहीं, युवक ने यह भी आरोप लगाया है कि चौकी के भीतर ही उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसके सिर और हाथ में चोट आई है।

पीड़ित ने गुरुवार को एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें उसने अपनी चोटें दिखाते हुए चौकी प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक अखिलेश साहू ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, दूसरी ओर चौकी प्रभारी रामपाल वर्मा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि युवक शराब के नशे में था और पहले से ही घायल अवस्था में चौकी आया था। उन्होंने बताया कि युवक का मेडिकल परीक्षण (एमएलसी) भी कराया गया है और उसका कहीं अन्यत्र विवाद हुआ होगा। चौकी प्रभारी ने साफ कहा कि उनके द्वारा किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई है।फिलहाल, मामले में शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा जांच की उम्मीद जताई जा रही है। इस मामले में हमने जैतपुर थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा से कई बार संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका है।

Post a Comment

0 Comments