Ticker

6/recent/ticker-posts

रेत-मिट्टी माफिया पर रेड: पुलिस-खनिज ने 5 ट्रैक्टर दबोचे

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले में अवैध रेत और मिट्टी उत्खनन के खिलाफ प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में ब्यौहारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन कर परिवहन करते दो ट्रैक्टरों को जब्त कर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं खनिज विभाग ने अलग कार्रवाई करते हुए मिट्टी और मुरुम का अवैध परिवहन करते तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह नोडिया और उकसा झापर नदी से अवैध रूप से रेत उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए रेत से भरे दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सुरेश कुमार रैदास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने ट्रैक्टर चालक जय कुमार कोल एवं वाहन मालिक शंकर दयाल नापित के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरे ट्रैक्टर के चालक मनोज उर्फ बब्बू लाल कोल और वाहन मालिक आशीष तिवारी के खिलाफ खनिज अधिनियम एवं अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

मिट्टी का ट्रैक्टर जब्त

इधर खनिज विभाग शहडोल ने भी अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्यौहारी तहसील के देवगांव क्षेत्र में मिट्टी व मुरुम का अवैध उत्खनन और परिवहन करते तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देशन में खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य के मार्गदर्शन में की गई।

निरीक्षण के दौरान खनिज विभाग की टीम ने तीन ट्रैक्टरों को रोका, जिनमें अवैध रूप से मिट्टी और मुरुम का परिवहन किया जा रहा था। जांच के दौरान वाहन चालकों से दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर जब्त कर लिए।

इस मामले में वाहन चालक राजभान सिंह, दिप्पू कोल और धर्मेंद्र कोल तथा वाहन मालिक बीरेंद्र वर्मा, विजय शंकर चतुर्वेदी और सत्यम चतुर्वेदी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। खनिज अमले ने तीनों जब्त ट्रैक्टरों को ब्यौहारी थाने में सुरक्षित खड़ा करा दिया है। प्रशासन ने अवैध उत्खनन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Post a Comment

0 Comments