शहडोल। सादिक खान
शहडोल। बिजली बिल की वसूली करने गई विभागीय टीम के साथ सड़क हादसा और उसके बाद मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना अमलाई थाना क्षेत्र के गिरवा गांव की बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिजली विभाग की टीम बुढार के जूनियर इंजीनियर विकास कुमार के साथ गिरवा गांव में बकाया बिजली बिल की वसूली करने पहुंची थी। इस दौरान विभाग के कर्मचारी घर-घर जाकर बिल की वसूली कर रहे थे, जबकि जूनियर इंजीनियर विभागीय वाहन में बैठे थे। वाहन सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने खड़े वाहन को टक्कर मार दी।
आरोप है कि कार चालक शराब के नशे में था। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों और बिजली विभाग की दूसरी टीम ने पीछा कर कार चालक को केशवाही क्षेत्र के बलबहरा रोड में रोक लिया। वहां चालक के साथ मारपीट भी की गई।
इस मामले में पहली एफआईआर अमलाई थाने में दर्ज हुई है, जिसमें जूनियर इंजीनियर विकास कुमार की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक पवन यादव और नितिन रजक के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, वाहन से टक्कर मारने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है।
वहीं दूसरी ओर कार चालक पवन कुमार ने केशवाही चौकी में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि रास्ते में रोककर बिजली विभाग के कर्मचारी हिमांशु पांडे, राजकुमार साहू और हेमराज वर्मा ने उसके साथ मारपीट की है। इस शिकायत पर पुलिस ने अलग से मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज और धमकी देने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक हाथ में डंडा लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों को धमकाता दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के मामलों की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


0 Comments