शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ गई है। पिछले दो दिनों में चोरों ने अलग-अलग स्थानों पर चोरी की दो वारदातों को अंजाम दिया। एक घटना में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली गई, जबकि दूसरी वारदात में ज्वैलरी दुकान का ताला तोड़कर चांदी के जेवर चोरी किए गए। पुलिस के अनुसार दोनों घटनाओं में पांच लाख रुपये से अधिक की चोरी होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार पहली घटना जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 में रावेंद्र सिंह के घर हुई। बताया गया कि परिवार रिश्तेदारी में गया हुआ था और मकान कई घंटे से सूना था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला देखा तो उन्होंने परिवार को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन घर पहुंचे और अंदर सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी पुलिस को दी।
इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
वहीं दूसरी घटना जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के अमझोर बस स्टैंड स्थित ज्वैलरी दुकान में हुई। पुलिस के मुताबिक रात के समय बदमाश दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और चांदी के जेवर चोरी कर लिए। दुकान संचालक के अनुसार भगवान गणेश और लक्ष्मी की मूर्तियों सहित करीब 160 ग्राम चांदी के जेवर चोरी हुए हैं।
लगातार दो चोरी की घटनाओं के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों की तलाश कर रही है।


0 Comments