Ticker

6/recent/ticker-posts

79 मवेशियों को जंगल के रास्ते डिंडोरी ले जाने की तैयारी, दो तस्कर गिरफ्तार

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। सोहागपुर थाना पुलिस ने जमुआ गांव के पास मवेशियों की तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 79 मवेशियों को मुक्त कराया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे बुढार क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से मवेशियों को लेकर जंगल के रास्ते पैदल डिंडोरी की ओर जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बड़ी संख्या में मवेशियों को रस्सियों से बांधकर जंगल के रास्ते डिंडोरी की ओर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर सोहागपुर थाना पुलिस ने जमुआ गांव के पास घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। मौके पर पुलिस ने 79 मवेशियों को भी अपने कब्जे में लेकर उन्हें सुरक्षित कराया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनूपपुर जिले के करण पठार क्षेत्र निवासी छोटू यादव और अशोक सिंह गोंड के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मवेशियों को बुढार के बिरहुली के विभिन्न स्थानों से एकत्र किया गया था। इसके बाद उन्हें वाहनों के बजाय पैदल जंगल के रास्ते डिंडोरी ले जाया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां ले जाया जा रहा था और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मुक्त कराए गए सभी मवेशियों को सुरक्षित रखने के लिए एक किसान के सुपुर्द किया गया है। पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments