शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिला मुख्यालय की सड़कों की हालत दिनोंदिन बदतर होती जा रही है। शहर में सीवर लाइन बिछाने का कार्य कर रही कंपनी की लापरवाही अब आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। ताजा मामला कलेक्टर कार्यालय के सामने स्थित जयस्तंभ चौक का है, जहां बीते दिनों सीवर पाइपलाइन के कार्य के दौरान गड्ढा किया गया था। जिसे बंद किया गया लेकिन इस खुदाई के कारण नल की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों लीटर पानी सड़क पर बह रहा है।
स्थानीय दुकानदार प्रत्यूष गौतम ने बताया कि इस समस्या को लेकर सीवर लाइन कंपनी और नगर पालिका के अधिकारियों को कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पानी की बर्बादी के साथ-साथ सड़क पर कीचड़ के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों में इस लापरवाही को लेकर आक्रोश है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कर पानी की बर्बादी रोकी जाए और सड़क को दुरुस्त किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

0 Comments