Ticker

6/recent/ticker-posts

दामाद ड्यूटी में सुरक्षा करते रहे, उधर सास की मंदिर में चेन पार — पुलिस व्यवस्था पर सवाल

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल के कंकाली मंदिर में चैत्र नवरात्रि के दौरान दर्शन करने पहुंची एक महिला के गले से सोने की चेन चोरी हो गई। खास बात यह रही कि महिला का दामाद जिले के दूसरे थाने में ड्यूटी पर तैनात होकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहा था, जबकि उसी दौरान उसकी सास चोरी की शिकार हो गई। घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस के अनुसार पुलिस लाइन निवासी अनीता कोल (48), पति अशोक कोल, पुलिस क्वार्टर एफ-22 में रहती हैं। वह कंकाली मंदिर में देवी दर्शन के लिए पहुंची थीं और महिलाओं की लाइन में खड़ी थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात चोर ने उनके गले से करीब एक तोले वजनी सोने की चेन पार कर दी। घटना उस समय हुई जब मंदिर परिसर में भारी भीड़ थी और सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात था।

विशेष बात यह है कि चैत्र नवरात्रि के चलते मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए कोतवाली पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया था। महिलाओं की लाइन में महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी, इसके बावजूद चोरी की घटना हो जाना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

पीड़िता, सोहागपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक शैलेंद्र कोल की सास बताई जा रही हैं। घटना के समय प्रधान आरक्षक अपने थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर थे।घटना के बाद महिला ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम को ही उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी थी।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में भी चिंता का माहौल है और लोग मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments