Ticker

6/recent/ticker-posts

एलपीजी नहीं, मिला गुस्सा! युवक से भिड़ गया मैनेजर, जयसिंहनगर का मामला



 शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। एलपीजी सिलेंडर की कमी और डिलीवरी में देरी को लेकर लोगों की परेशानी अब विवाद में बदलने लगी है। जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के अमझोर स्थित एचपी गैस एजेंसी में सिलेंडर की जानकारी लेने पहुंचे एक युवक ने जब मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया तो एजेंसी मैनेजर भड़क गया और दोनों के बीच कहासुनी हो गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक अभिजीत कुमार यादव अपनी गैस बुकिंग के बावजूद सिलेंडर न मिलने की शिकायत लेकर एजेंसी पहुंचा था। युवक का आरोप है कि उसे सिलेंडर डिलीवर होने का मैसेज तो मिल गया था, लेकिन वास्तविक रूप से उसे गैस सिलेंडर नहीं दिया गया। जब वह एजेंसी में जानकारी लेने पहुंचा और पूरी प्रक्रिया का वीडियो बनाने लगा, तो वहां मौजूद मैनेजर शिवम उर्फ प्रभात मिश्रा भड़क गए।

वायरल वीडियो में मैनेजर को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि “तू वीडियो बना, तुझे जहां भेजना है भेज दे, मैं तुझे गैस नहीं दूंगा।” युवक का आरोप है कि मैनेजर ने उसे धमकाया, मोबाइल बंद करने का दबाव बनाया और मोबाइल छीनने की कोशिश करते हुए हाथापाई भी की।घटना के बाद पीड़ित युवक ने जयसिंहनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। युवक ने पुलिस को घटना का वीडियो भी साक्ष्य के रूप में सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इधर जिले के कई क्षेत्रों से गैस सिलेंडर की देरी से डिलीवरी और कमी की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिसके कारण गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ लग रही है। अमझोर की इस घटना के बाद गैस वितरण व्यवस्था और एजेंसी कर्मचारियों के व्यवहार पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले में कार्रवाई और गैस वितरण व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments